यमुनोत्री धाम की यात्रा को सुगम बनाने के लिए यमुनोत्री हाईवे को हरबर्टपुर से बड़कोट तक डबल लेन किया जाएगा। चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में यात्री देहरादून-विकासनगर रूट से निकलते हैं।
उत्तराखंड में जल्द ही एक और नेशनल हाईवे की सूरत बदलने वाली है। चार धाम यात्रा रूट पर यात्रा पहले से ज्यादा सुगम और आसान होने वाली है। यमुनोत्री धाम की यात्रा को सुगम बनाने के लिए यमुनोत्री हाईवे को हरबर्टपुर से बड़कोट तक डबल लेन किया जाएगा।
राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। केंद्र की मंजूरी के बाद इस परियोजना पर जल्द काम शुरू किए जाने की उम्मीद है। इससे चारधाम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में यात्री देहरादून-विकासनगर रूट से निकलते हैं। इस दौरान हरबर्टपुर से विकासनगर होते हुए बड़कोट तक का रास्ता काफी खराब है। साथ ही यहां सड़क संकरी होने से न सिर्फ आए दिन जाम लगता है, बल्कि हादसे भी बहुत होते हैं।
ऐसे में राज्य सरकार ने इस रोड को चौड़ा करने का फैसला लिया है। लोनिवि के अफसरों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण पर पहले चरण में करीब 400 करोड़ रुपये का खर्च आने की उम्मीद है।
इससे सड़क को पांच से दस किमी के पैच में डबल किया जाएगा। कुछ जगह सड़क पहले से ठीक है तो वहां चौड़ीकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके साथ ही इस सड़क पर कई जगहों पर एनाइनमेंट ठीक करने का भी काम किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
हरबर्टपुर से बड़कोट होते हुए यमुनोत्री मार्ग डबल लेन करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। इस परियोजना को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इससे चारधाम यात्रियों यात्रा भी सुगम होगी।